इंदौर इंदौर जिला यादव अहीर समाज केन्द्रीय समिति के तत्वावधान में कुलदेवता भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में इस बार रजत जयंती वर्ष के प्रसंग पर परंपरागत शोभायात्रा का आयोजन शुक्रवार 4 सितम्बर को होगा।
समिति के संरक्षक दीपू यादव एवं अध्यक्ष ओंकार यादव ने बताया कि जुलूस की तैयारियों पर विचार मंथन के लिए यादव अहीर समाज के सभी प्रमुख संगठनों की बैठक रविवार, 26 जुलाई को शाम 5 बजे चिमनबाग स्थित स्काउट मैदान एवं सभागृह पर रखी गई है। यादव अहीर संगठनों से आग्रह किया गया है कि वे इस बैठक में उपस्थित होकर रजत जयंती वर्ष के उत्साह और उल्लास के अनुरूप इस जुलूस को भव्य, अनुशासित और आकर्षक बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझावों एवं विचारों से भी अवगत कराएं। अपने कुलदेवता के जन्मोत्सव को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाने के लिए समाज बंधुओं से आग्रह किया गया है कि वे अपने सुझाव लिखित में भी लेकर आएं तो और अधिक बेहतर होगा। जन्माष्टमी पर निकलने वाली परम्परागत शोभा यात्रा इस बार भी बड़ा गणपति चौराहे से चिमनबाग स्थित श्रम शिविर तक निकाली जाएगी जिसमें केंद्र एवं प्रदेश स्तर के अनेक प्रमुख राजनेता, समाजसेवी एवं यादव अहीर समाज के प्रमुख नेतृत्वकर्ता भी आमंत्रित किए जा रहे हैं।
