इंदौर। साइबर अपराधियों ने अब सीधे मोबाइल हैक कर बैंक खातों में सेंधमारी शुरू कर दी है। महू थाना क्षेत्र में हैकिंग के जरिए एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर उसके गूगल-पे यूपीआई आईडी से ४० हजार की आॅनलाइन चपत लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात हैकर्स के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कनाट रोड महू निवासी चेतन शर्मा पिता राजकिशोर शर्मा ने महू थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने उसका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने चेतन की जानकारी और अनुमति के बिना उसकी गूगल-पे यूपीआई आईडी का इस्तेमाल करते हुए खाते से करीब ४० हजार ट्रांसफर कर लिए। जब पीड़ित के पास बैंक से पैसे कटने का मैसेज आया, तब जाकर उसे धोखाधड़ी का पता चला। महू थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से जिस खाते में राशि ट्रांसफर हुई है, उसके ट्रांजैक्शन ट्रेल और आईपी एड्रेस को ट्रैक किया जा रहा है।
