इंदौर चंदन नगर थाना क्षेत्र में अम्बार नगर चौराहे पर एक दुकान में घुसकर दो बदमाशों द्वारा गुंडागर्दी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दुकान से जबरन सामान उठाने का प्रयास किया और मना करने पर दो हजार रुपये शराब के लिए मांगने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने दुकानदार व उसके कर्मचारी की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो बनाने पर आरोपियों ने रात में दोबारा आकर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बालाजी धाम निवासी फरियादी नितेश पिता शांतिदास बैरागी ने चंदन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी की सिरपुर अम्बार नगर चौराहे पर दुकान है। नितेश ने पुलिस को बताया कि शाम करीब ५:३० बजे अम्बार नगर निवासी अरुण और ताहिर उसकी दुकान पर पहुंचे और सामान मांगने लगे। जब फरियादी ने उनसे सामान के पैसे मांगे, तो दोनों आरोपी भड़क गए और जबरन दुकान से सामान उठाने लगे। बदमाशों ने अड़ीबाजी करते हुए कहा कि हमें शराब पीना है, शराब के लिए दो हजार रुपये दो। जब नितेश ने रुपये देने से साफ मना किया, तो दोनों आरोपियों ने उसके और दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी केदार भाई के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के दौरान जब नितेश अपने मोबाइल फोन से बदमाशों की करतूत का वीडियो बनाने लगा, तो आरोपी शोर-शराबा करते हुए जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। इसके बाद रात करीब ९:३० बजे आरोपी अरुण दोबारा दुकान पर पहुंचा और फरियादी को धमकाते हुए बोला कि तूने हमारा वीडियो बनाया है, वीडियो डिलीट कर नहीं तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा। पीड़ित दुकानदार की रिपोर्ट पर चंदन नगर थाना पुलिस ने आरोपी अरुण और ताहिर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
