इंदौर।
नशे की लत पूरी करने के लिए करता था वाहन चोरी, चेकिंग के दौरान शराब दुकान के पास से दबोचा
इंदौर। चंदन नगर पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से एक लोडिंग वाहन और दो कीमती बाइक जब्त की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब ६.८० लाख रुपये बताई जा रही है। थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि २१ अगस्त को लकड़ी मंडी स्थित ह्यमायका प्लास्टिक वुड कारखाने’ से एक महिंद्रा लोडिंग वाहन एमपी-०९ झेडवाय ५७८७ चोरी हुआ था। मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही उक्त वाहन को बेचने की नीयत से चंदन नगर वाइन शॉप के पास खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया, जिसकी पहचान राजू उर्फ धारा सिंह पिता भगवान सिंह राठौड़, निवासी सिरपुर के रूप में हुई।थाने लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने लोडिंग वाहन के अलावा जवाहर टेकरी नावदापंथ ब्रिज के पास से दो अन्य बाइक चोरी करना भी कबूल किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर १.२० लाख रुपये कीमत की यामाहा आर-१५ और होंडा शाइन बाइक बरामद की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी इसी लत को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चंदन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तीन पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे अन्य चोरी व नकबजनी के मामलों के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
