इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में कार सही से चलाने की बात कहने पर कार सवार बदमाशों ने दो दोस्तों के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से जमकर मारपीट की। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी कमल पिता घनश्याम दास अमलानी निवासी शिवमपुरी कॉलोनी ने भंवरकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई है। कमल ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त सागर बजाज के साथ जा रहा था, तभी राजीव गांधी चौराहा पर पीछे से आए एक कार चालक ने उसकी गाड़ी को खतरनाक तरीके से ओवरटेक किया। इस पर फरियादी ने कार चालक से सही ढंग से वाहन चलाने को कहा। इसी बात से नाराज होकर कार सवार अज्ञात बदमाश गालीगलौज करने लगे। जब कमल और उसके दोस्त ने गाली देने से मना किया, तो आरोपी व उसके साथी कार से उतरे और डंडे से उन पर हमला कर दिया। बदमाशों द्वारा किए गए इस हमले में कमल के दाहिने हाथ में चोट आई है, वहीं उसके दोस्त सागर के सिर, हाथ और आंख के पास गंभीर चोटें पहुंची हैं।
