इंदौर। शराब के नशे में धुत होकर आए तीन युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मना करने पर आरोपियों ने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी विकास पिता किशोर ओटकर निवासी लाबरिया भेरू ने चंदन नगर थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि वह सांई प्रेम फिलिंग स्टेशन पर काम करता है। रात में दो मोटरसाइकिलों पर तीन युवक शराब के नशे में धुत होकर अपनी गाड़ियाँ लहराते हुए पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पेट्रोल भरने को कहा। जब फरियादी ने उनसे कहा कि वे बहुत अधिक शराब पिए हुए हैं, तो तीनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। फरियादी द्वारा गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद होता देख जब विकास का साथी दीपेश पाल बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि आइंदा पेट्रोल देने से मना किया तो जान से खत्म कर देंगे। पुलिस ने फरियादी विकास की रिपोर्ट पर आरोपी गोपाल गोस्वामी, गौरव मतकर दोनों निवासी बाराभाई, महू नाका और आकाश विश्वकर्मा निवासी प्रजापत नगर के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
