इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में शराबी पति द्वारा अपनी ही पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। पति के अत्याचारों से तंग आकर मायके में रह रही थी। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ऋषि पैलेस निवासी नेहा बैरागी ने द्वारकापुरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उसका पति सावन बैरागी शराब और अन्य नशों का आदी है और लगातार मारपीट करता था। पति की प्रताड़ना से तंग आकर वह पिछले ३-४ महीनों से अपने माता-पिता के घर रह रही थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी सावन नेहा के मायके के बाहर पहुंचा और उसके तथा माता-पिता के साथ अश्लील गालियां देने लगा। जब आसपास के लोग और परिजन उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी आरोपी सावन बैरागी ने अचानक जेब से चाकू निकाला और जान से मारने की नीयत से नेहा पर हमला कर दिया। आरोपी ने नेहा के पेट के निचले हिस्से, दाहिने कंधे और दाहिने हाथ की भुजा पर चाकू से ३-४ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला। द्वारकापुरी पुलिस ने आरोपी सावन बैरागी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
