देशभर से आए प्रत्याशियों और पालकों ने मंच पर पहुंचकर बताई अपनी पसंद, शाम तक 40 रिश्तों पर चर्चा शुरू

इन्दौर, किसी को अपने समकक्ष डॉक्टर, इंजीनियर, एमबीए या आईटी प्रोफेशनल जैसे जीवनसाथी की जरूरत है तो किसी को स्वयं के कारोबार को सँभालने के लिए उच्च शिक्षित प्रत्याशी की। किसी ने विवाह के बाद भी उच्च शिक्षा जारी रखने पर सहमति जताई तो किसी ने विवाह के बाद विदेश में मिलने वाले जॉब के दौरान साथ चलने की….। श्रीअग्रसेन महासभा की मेजबानी में राजीव गाँधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर निर्मित सुसज्जित मंच और पांडाल में मौजूद देश के 12 राज्यों से आए प्रत्याशियों ने मंच से इस तरह जीवनसाथी के लिए अपनी पसंद बताई।
दो दिवसीय इस परिचय सम्मेलन का शुभारंभ सबसे पहले मंच पर पहुंचकर अपना परिचय देने जबलपुर से आई युवती प्रत्याशी चांदनी अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन और कुलदेवी महालक्ष्मी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल, अजय मोतीलाल अग्रवाल एवं सम्मेलन के प्रमुख संयोजक मोहनलाल बंसल की विशेष उपस्थिति में किया। प्रारम्भ में महासभा के अध्यक्ष राजेश जिंदल ने स्वागत उद्बोधन में महासभा द्वारा आयोजित परिचय सम्मेलन एवं अन्य सेवा प्रकल्पों की जानकारियां दी। अतिथियों का स्वागत सचिव अनूप सिंघल, सयोजक अरुण आष्टावाले, सतीश मंगल, गोपाल गुप्ता, प्रमोद बिंदल, संजय पाटनी, तिलोक चंद अग्रवाल, नितिन एपेक्स, योगेश गोयल, ओमप्रकाश गर्ग कोयलेवाले, अजय अग्रवाल विजयनगर एवं भावना अग्रवाल ने किया। परिचय सम्मेलन स्थल पर पहले दिन करीब एक हजार प्रत्याशी एवं पालक उपस्थित थे जिन्होंने एकदूसरे से तो परिचय प्राप्त किया ही, मंच से भी योग्य जीवनसाथी की तलाश में अपने विचार रखे। दिनभर चले परिचय के इस क्रम में करीब 350 प्रत्याशी शामिल हुए। संचालन प्रद्युम्न जैन ने किया और आभार माना अनूप सिंघल ने।
प्रमुख संयोजक मोहनलाल बंसल ने बताया कि सम्मेलन के लिए 20 सितम्बर को सुबह 1० बजे से परिचय का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सम्मेलन में करीब 2500 प्रविष्ठियां प्राप्त हुई हैं जिनका प्रकाशन बहुरंगी परिचय पुस्तिका में किया गया है। यह परिचय पुस्तिका भी पालकों और प्रत्याशियों के लिए बहुत उपयोगी साबित हो रही है। अनेक प्रत्याशी परिचय पुस्तिका देखकर भी अपने रिश्तों पर बातचीत को आगे बढ़ा रहे हैं। शाम ढलते-ढलते सम्मेलन में करीब 40 रिश्तों पर बातचीत का दौर शुरू हो गया था। रविवार को सम्मेलन का समापन उज्जैन सिंहस्थ मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, उज्जैन भाजपा के नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में शाम 6 बजे होगा।
