
इंदौर उम्र को पीछे छोड़कर शहर के अनेक बुजुर्ग महिला-पुरुष पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन 4-4 घंटे की रियाज कर रहे हैं। इन सबकी मंशा है कि वे 19 सितम्बर को शाम 6.30 बजे से रीगल चौराहा स्थित दुआ सभागृह में मेक म्यूज को सुर अंजलि की मेजबानी में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में सुर और साधना के माध्यम से बॉलीवुड के कालजयी गीतों को प्रबुद्ध श्रोताओं के समक्ष प्रस्तुत करें।
इस आयोजन में 60 से 70 वर्ष की उम्र के लगभग एक दर्जन संगीत साधक मेक म्यूजिक के निर्देशक और संस्थापक राजीव रॉय के निर्देशन में अपनी प्रस्तुतियां देने के लिए उत्साहित हैं। इनका लक्ष्य है कि बॉलीवुड के महान और मशहूर गायकों द्वारा गाये गए और प्रख्यात कलाकारों पर फिल्माए गए गीतों को मंच पर प्रस्तुत करना, जिनमें केवल आवाज ही नहीं बल्कि सुर, भाव-भंगिमा, उतार-चढ़ाव और गीतों के बोल के अनुरुप अभिव्यक्ति की जरूरत होती है। इसे ध्यान में रखकर करीब एक दर्जन बुजुर्ग प्रतिदिन चार घंटे तक की रियाज कर रहे हैं। पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने जूनून के चलते ये सभी शौकिया कलाकार सुर अंजलि भाग 4 कार्यक्रम में शनिवार 19 सितम्बर को प्रीतमलाल दुआ सभागृह में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है लेकिन स्थान पहले आएं पहले पाएं आधार पर ही मिल सकेगा। संस्था के प्रमुख राजीव रॉय ने संगीत प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस कार्यक्रम में आएं और इन जुनूनी साधकों की साधना, मेहनत और हौंसले को सलाम करें। कार्यक्रम में संगीत संयोजन हर्षद शेवगांवकर और ध्वनि संयोजन हेमा साउंड का रहेगा। शहर में संगीत प्रेमियों के लिए अपनी किस्म का यह अनूठा आयोजन होगा जिसमें बुजुर्ग महिला-पुरुष 72 की आयु में 22 के जूनून की प्रस्तुतियां देंगे, और उम्र को पीछे छोड़कर इस अनूठे संकल्प को साकार करेंगे।
