अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का संभागीय सम्मेलन संपन्न, 10 से अधिक नई नियुक्तियां; राजपूत विभूतियां सम्मानित

इंदौर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का संभागीय सम्मेलन रविवार को गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में संभाग भर से आए राजपूत समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया और संगठन को मजबूत करने के लिए 10 से अधिक नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। साथ ही 17 जून को निकलने वाली शौर्य यात्रा की तैयारियों को लेकर जवाबदारियां भी सौंपी गईं।
दीप प्रज्ज्वलन से हुई शुरुआत
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश सचिव सुनील सिंह परिहार, संभागीय अध्यक्ष मुकेश गौतम और अंतर सिंह बांगड़दा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय सिंह परिहार, प्रदेश अध्यक्ष रामवीर सिंह सिकरवार, राजपूत समाज संरक्षक मोहन सेंगर, राजू भदौरिया, अनुराग प्रताप सिंह राघव सहित सम्माननीय अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर की।
17 जून को शाम 6 बजे निकलेगी शौर्य यात्रा
प्रदेश सचिव सुनील परिहार, संभागीय अध्यक्ष मुकेश गौतम और अंतर सिंह बांगड़दा ने बताया कि 17 जून को शाम 6 बजे बड़ा गणपति से भव्य शौर्य यात्रा राजपूताना अंदाज में निकाली जाएगी। यात्रा बड़ा गणपति, मल्हारगंज, खजूरी बाजार होते हुए माँ अहिल्या प्रतिमा राजबाड़ा पर समापन होगा। बड़ी संख्या में क्षत्राणियां भी यात्रा में शामिल होंगी, जिसके लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
“1984 से चली आ रही परम्परा” : विजय सिंह परिहार
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय सिंह परिहार ने कहा कि चार दशक पहले शौर्य यात्रा की शुरुआत बैलगाड़ी से हुई थी। सन 1984 से ये परम्परा चली आ रही है। अब डिजिटल युग आ गया है लेकिन अपनी परंपरा बनाए रखने के लिए घर-घर संपर्क कर शौर्य यात्रा के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष रामवीर सिंह सिकरवार ने एकजुट होकर संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ समाज हित में कार्य करने को कहा। राजपूत समाज संरक्षक मोहन सेंगर ने कहा कि शौर्य यात्रा के इस आयोजन से स्वाभिमान और संगठन की गर्जना से माँ अहिल्या की नगरी को गुंजायमान करना है। समाज हित में परिवार सहित पधारकर अपना एक दिन का समय समाज को समर्पित कीजिए।
ये हुए सम्मानित
सम्मेलन में हिंद रक्षक गरबा महोत्सव इंदौर, राजपूत समाज सामूहिक विवाह समिति उज्जैनी धार, मालवा राजपूत समाज विकास समिति ककरिया बोर्डिया हातोद इंदौर, भारतीय राजपूत समाज कल्याण समिति पांदा महू, करणी सेना कालवी विचारधारा, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा देपालपुर महाराणा प्रताप प्रतिमा अनावरण समिति, सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति बेटमा घुड़ दौड़ प्रतियोगिता, महाराणा प्रताप सेवा समिति फीनिक्स टाउनशिप केलोद हाला को सम्मानित किया गया। साथ ही सुरेंद्र सिंह सोलंकी, सरपंच नैनोद को उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
नव नियुक्त पदाधिकारी
संगठन विस्तार के तहत 10 से अधिक नई नियुक्तियां की गईं, जिनमें धार जिला अध्यक्ष ,संभागीय पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। सम्मेलन में समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सुनील सिंह उमठ, दीपेंद्र सिंह सोलंकी, वीरेंद्र सिंह ठाकुर,लोकेंद्र सिंह राठौर , बने सिंह पांदा, कमल सिंह जादोंन, मलखान सिंह साघ्वी, बद्री पटेल, दिलीप पटेल धार , जय ठाकुर सहित मौजूद थे ।
